कहानी - भूगोल के दरवाज़े पर

SHARE:

तरूण भटनागर   ज ब तक मैंने वहाँ के बाशिंदों को नहीं देखा था, पहले-पहल वह गाँव ठेठ ही लगा। यह बात थी उन्नीस सौ अस्सी की। वह गांव इतना ठेठ ल...

image

तरूण भटनागर

 

ब तक मैंने वहाँ के बाशिंदों को नहीं देखा था, पहले-पहल वह गाँव ठेठ ही लगा। यह बात थी उन्नीस सौ अस्सी की। वह गांव इतना ठेठ लगा था, कि लगता है वह आज भी जस का तस है। रुका हुआ और अ-बदला।

छत्तीसगढ़ में वह समुद्र तल से सबसे अधिक ऊँचाई पर बसी जगह है। वहाँ के रहवासी हमारे यहाँ के नहीं जाने जाते हैं। उन लोगों को देखकर उस गाँव का ठेठपन चुकने लगता है और उसकी जगह अजीब सा बेगानापन घिर आता है। लंबे बीते समय ने यह जतलाया कि चपटी खोपड़ी वाले ये लोग दूसरों से अलग नहीं हैं, सिवाय इसके कि वे अलग दिखते हैं। ...और यह भी कि इस गाँव में बीते पचास सालों में और उस दिन जब मैं वहाँ गया था, बीत चुके छब्बीस सालों में, उन्होंने यह मानने की भरसक कोशिश की है, कि यह जमीन, यह आकाश, यह जंगल, दूर तक फैले हरे घास के मैदान, लोग, जानवर... सब उनके ही तो हैं। वे आज भी एक झूठा ढ़ाढ़स खुद को देते हैं, पर जैसे वे हमेशा जानते रहेंगे, कि उनके लिए सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। झूठ के जंग खाये फौलादी दरवाजे से बंद। अपनेपन का झूठ। जो कोई रास्ता नहीं सुझाता, बस बेहद अबूझ तरीके से उन लोगों को चहकाये रखता है।

मैनपाट। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का एक गाँव। समुद्र तल से लगभग पाँच हजार फिट ऊपर। पूरे छत्तीसगढ़ में इससे ऊपर कोई और गाँव नहीं है।

इतिहास बताता है, कि जब उन्नीस सौ पचास में उनसे उनकी जमीन, घर, परिवार ..... सबकुछ छीन लिया गया था, तब वे लाखों की संख्या में एक अनिश्चत आस के साथ हमारे यहां आये थे। उन्हें जहाँ - जहाँ बसने को जगह दी गई थी, मैनपाट भी उनमें से एक है। मैनपाट में उनका गाँव बसा था। जो आज भी वहाँ है, पर लोग इसे एक घूमने फिरने वाली जगह के रूप में जानते हैं। यह एक हिल स्टेशन जाना गया। आज भी। और यह बात कम ही जानी गई, कि यह जगह पचास साल पहले बेघर कर दिये गये, बहुत दूर के और बिल्कुल अल्हदा से लोगों की जगह है। बिना दावे की जगह। एक जगह जो दशकों बीत जाने के बाद भी उनकी नहीं है और जो सैकड़ों साल बीतने के बाद भी शायद उनकी ना हो पाये।

वे लोग एक खत्म कर दिये गये देश के लोग हैं। इस तरह खत्म कि याद भी नहीं आता। अगर पूछा जाय कि वह देश भारत का पड़ोसी था और इतना बड़ा कि आज का पाकिस्तान भी छोटा पड़ जाय, तो एकबारगी खयाल ना आये। यदि कहा जाय कि वह दुनिया का सबसे अधिक ऊँचाई पर बसा देश था और भारत से उसकी सबसे लंबी सीमा रेखा मिलती थी, तो थोड़ा अजीब लगे कि पता नहीं किस जगह की बात हो रही है।

उस दिन हम दस स्कूली बच्चे अपने स्काउट मास्टर और गाइड मास्टरनी के साथ मैनपाट आये थे। वह शाम थी और हमें वहाँ की प्राथमिक शाला के एक भवन में आगे पाँच दिनों तक रहना था। स्काउट मास्टर ने बताया था, कि इसे 'आउटिंग ' कहते हैं। उस रात हमें उस गाँव के सिर्फ दो लोग मिले थे, जिन्हें मास्टर और हमारे आने का पता था। वे मुझे अजीब से लगे थे -पीला रंग, छोटी-छोटी आँखें, धँसे हुए गाल, उभरी गाल की हड्डी, चमकता चेहरा, सफाचट और अधकचरी दाढ़ी-मूँछ, ठिगना कद, छोटे-छोटे खड़े काले बाल.......इतनी ठण्ड में भी उन्होंने बहुत कम कपड़े पहन रखे थे। फिर उनमें से एक कुछ देर बाद एक केतली में चाय लेकर आया। मक्खन वाली तिब्बती चाय। जिसे पीते हुए मुझे उबकाई आई थी।

'उस देश का नाम तिब्बत था।' मास्टर ने बताया। मैनपाट मास्टर की पसंदीदा बात थी। वह मैनपाट पर चहककर कहता था। यूँ वह तिब्बत पर भी कहता था। वह मैनपाट और तिब्बत पर कहता तो लगता उसके मुँह से कोई और कह रहा है। वह तिब्बत पर अक्सर काफी कुछ हाँकता रहता और हम चुप्पी साधे उसे घूरते रहते। वह कहता कि मैनपाट में, बिल्कुल पराये देश के लोग हैं। कि उस देश का नाम तिब्बत था। कि छब्बीस साल पहले चीन ने इस देश पर कब्जा कर लिया था। कि वह देश फिर खत्म हो गया। कि अब उस देश की जगह बस उस देश के खण्डहर हैं। कि अब खण्डहर भी नहीं हैं। कि खण्डहरों में यादें होती हैं, इसलिए उन्हें भी मिटाया जा चुका है। कि उस देश में अब भी उतनी ही बर्फ पड़ती है और उतनी ही सूखी और सुइयों सी भेदनी वाली हवा बहती है, जैसे पहले बहती थी.....। कि वह बर्फ और वह हवा अपने उन लोगों को ढ़़ूँढ़़ती है, जो बरसों पहले बिना किसी वजह के जहालत के साथ और वहशियाना तरीके से बेघर कर दिये गये थे, वहाँ से भगा दिये गये। वे इस तरह बेघर किये गये कि वे उसका कारण नहीं पूछ सकते थे। क्योंकि पूछना अपराध हो गया था। कि जानने की कोशिश का मतलब मौत था। कि प्रश्न का जवाब बलात्कार था। कि उत्सुकता के मायने थे, कैदखाने की यातना या बर्फ के सूखे तूफान में अकड़कर मर जाना। कि एक औरत को सिर्फ इसलिए मार डाला गया था, कि उसकी आँखों में उत्सुकता थी और एक चीनी सेना का अधिकारी उसकी आँखें देखकर अचकचा गया था।

कि बहुत बुरा हुआ और वे लाखों लोग थे। कि वे अपने देश में, अपने घर में थे। अपने देश, अपने घर में कोई पराया या अजनबी नहीं होता है। उन्हें तो जानबूझकर इस अनजान जगह पर ढ़़केलकर अजनबी और पराया बनाया गया है, ताकि जब लोग उन्हें देखें तो सशंकित हों, अचंभित हों या उन पर हँसे और जब, वे लोगों को देखें तो किसी अनिश्चित से भय और संदेह से उनकी आँखें चौड़ी हो जायें। कि उन्हें बार -बार लगे कि, वे किसी पराये देश में चिड़ियाघर के अजूबे जीव-जन्तुओ की तरह जी रहे हैं...। कि... कि ये लोग अच्छे हैं, पर लोगों ने नहीं समझा कि ये अच्छे हैं... नहीं तो बताओ क्या जरूरत थी इनको हमारे लिए मक्खन की चाय लाने की, बोलो - बोलो। ... मास्टर कई बेतुकी सी बातें कहता और फिर चुप होकर इधर उधर ताकता। कभी अचानक चुप होकर तुच्छ सी चीजों को ताकने लगता, तो कभी एकदम से बदलकर कोई नई बात चालू कर देता। उसके यूँ चुप हो जाने से मुझे लगता कि मास्टर के पास मैनपाट और तिब्बत की आधी कहानी है। शायद आधे से भी कम। लेकिन वास्तव में उसे बहुत कुछ पता था। उसने हमें जितना बताया था, उससे कई गुना बातें वह तिब्बत के बारे में कर सकता था। बहुत सारी बातें उसने कभी नहीं बताईं। हर बार उसकी गप्प किसी चुप्पी पर पहुँचकर अटक जाती थी या अचानक अकारण खत्म होकर नये सिरे से कोई नई बात हो जाती थी। हम सिर्फ अनुमान ही लगा पाते थे। उसके चुप होने में हम एक लंबी कहानी को तलाशते। कभी उसकी आवाज लड़खड़ाती और अटक-अटक कर खत्म हो जाती। हम अनुमान लगाते कि अटकने और लड़खड़ाने में कौन सी कहानी है ? इस तरह हर बार अध्ूारी छूटकर या अटककर भी वह कहानी कभी खत्म नहीं हुई। मास्टर की अधूरी छूटी चुप्पी में शब्द बड़े तरतीब से लगे थे। तिब्बत की बार-बार अधूरी छूटती कहानी के कई कई मायने थे, जिन्हें तलाशकर कहानी के टूटे सिरे फिर-फिर जुड़ जाते थे।

दरअसल मास्टर पहले भी कई बार मैनपाट आया था। और यहाँ के एक तिब्बती से मास्टर की अच्छी छनती थी। उसका नाम सुलू था। वह हजारों बार मैनपाट से नीचे उतरकर मास्टर से मिलने आता था और मास्टर भी सैंकड़ों बार मैनपाट की पहाड़ियों पर चढ़़ता उतरता रहता था। सुलू हमें बड़ा अजीब लगता था।

वह हमें अजीब - अजीब चीजों के बारे में बताता और हम उन अटपटे नामों पर हँसते। कि उसका गाँव ग्यान्त्से शहर के पास था। कि उसके पास एक सुंदर थांगका याने तिब्बतियन तस्वीर जैसा कुछ है। कि साल का पहला दिन लोजार होता है। कि उसने अनि त्सान्खुंग नुनेरी और चान्गझू के मंदिर देखे हैं। कि सबसे अच्छा गोम्पा जोखंाग है और इसके बाद कुम्बुम और दोरजे द्रक। कि हम सब बच्चों को अच्छे हीरो, याने गेजार के माफिक होना चाहिए। कि हम सब जब उसके घर आयेंगे तो वह हमें मोमोस खिलायेगा। कि...। हम उसकी बात पर हँसते, उसके तिब्बतियन शब्द हमें हँसा देते।

हमें उसकी और मास्टर की दोस्ती में कुछ बू आती थी। हम छोटे थे और यह मानते थे, कि हर छोटी आँख वाला और पीली त्वचा वाला आदमी चीनी होता है। छोटी आँख वाले, ठिगने पीले लोगों के लिए हमारे पास कुछ शब्द थे - चीनी, ऐ चीनी, चीनी चांउ, चांउ...। सो हम सुलू को चिढ़़ाते थे - चीनी, ऐ चीनी, चीनी चांउ, चांउ...। और... सुलू आगबबूला होकर हमें मारने को दौड़़ता। एक दिन सुलू यह सब मास्टर को बताते-बताते रुआँसा हो गया। हमें बड़ा अजीब लगा, क्योंकि हमने तब तक पैंसठ-सत्तर साल के किसी बुड्ढ़़े को हमारे चिढ़़ाने पर, इस तरह रुआँसा होते नहीं देखा था। अलबत्ता गुस्सा होते ज़रूर देखा था और उसके गुस्से का मजा लेने के लिए ही हम उन्हे चिढ़़ाते थे। मास्टर ने हम सबको स्कूल के बरामदे में घुटने के बल टिका दिया। उसने हम सबकी हथेलियों पर बार-बार सटा-सट बेंत चलाई। हम रोने लगे। फिर सुलू आया और उसने मास्टर को कहा कि वह ऐसा ना करे।

...मास्टर ने हमें सख्त हिदायत दी कि हम उसे चीनी ना कहें। कि वह तिब्बती है, चीनी नहीं और ये दोनों चीजें बिल्कुल अलग हैं। मास्टर ने बड़ी सख्ती से बताया कि ये दोंनों चीजें अलहदा हैं और यह भी कि हर किसी को यह जानना चाहिए कि तिब्बती और चीनी दो अलग चीजें हैं। उसने यह भी बताया कि जब वह हमारी तरह छोटा था और स्कूल में पढ़़ता था, तो स्कूल की किताब में लिखा होता था, कि तिब्बत एक देश है। उसमें लिखा था, कि हिमालय के उत्तर में एक बहुत सुंदर जगह है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। कहते हैं यह जगह पाँच किलोमीटर से भी ज़्यादा ऊँची है, व्योम मण्डल के सबसे पास और इसीलिए इसे देवताओं की भूमि भी कहते हैं। कि यह एक देश है। बिल्कुल दूसरे देशों की तरह, अलग और अपने आप में रचा बसा। किताबों में यह भी लिखा होता था कि, इस देश की राजधानी ल्हासा है। पर आज के छात्र यह सब नहीं जानते। क्योंकि वे दूसरी किताबें पढ़़ते हैं। उनकी किताबों में तिब्बत का नाम ही नहीं है। मास्टर हमसे पूछता - ' बताओ बताओ है क्या ? बोलो बोलो'। हम सब एकसाथ चिल्लाते ' नहीं '। मास्टर हमसे पूछता ' क्या भारत के पड़ोसी देशों में तिब्बत का नाम आता है? ' हम सब एकसाथ चिल्लाते ' नहीं '।

मास्टर हमारी सामाजिक विज्ञान की किताब उठा लेता। उसके सारे पन्ने एक साथ फुरफुराता पलटता - ' देखो देखो इसमें तिब्बत कहीं भी नहीं है।' फिर कुछ सोचता। थोड़ा सँभलता और हमें समझाने की कोशिश करता। वह कहता -

' जमीन उसकी होती है, जो उस पर कब्जा कर लेता है। जमीन ही क्या, रोड, पुल, नाले, नदियाँ, मकान, जंगल, पहाड़... याने वह सब कुछ जो दीखता है। वह सब जो हम रोज देखते हैं, वास्तव में उसका है, जिसने उस पर कब्जा कर लिया। इसी तरह कोई भी देश उसका होता है, जो उसे जीत लेता है। किसी देश को जीतने के कई तरीके होते हैं। पर सबसे आसान है, जबरदस्ती घुस आओ और ताकत के बल पर कब्जा कर लो। फिर वहाँ के लोगों को वहाँ से खदेड़़ दो। जैसा कि तिब्बत में हुआ।'

मास्टर बताता कि इस तरह एक देश दूसरे देश को जीत लेता है। जीतने के साथ ही उसे एक और अधिकार मिल जाता है। वह है, किताबें लिखने का अधिकार। कि यह दुनिया का कायदा है, किताबें वही देश लिखेगा जो जीत चुका हो। हर किताब किसी विजेता ने ही लिखी है। जैसे तुम्हारी यह सामाजिक विज्ञान की किताब। दुनिया कि तमाम किताबों की तरह तुम्हारे पाठ्यक्रम की यह किताब भी किसी विजेता ने ही लिखी है। हारे हुए देश या तो किताब लिखते ही नहीं हैं और अगर लिखते हैं तो उनकी किताबें चलती नहीं हैं। कम से कम पाठ्यक्रम में तो आ ही नहीं सकतीं। चूँकि हर किताब किसी जीते हुए देश ने लिखी है, इसीलिए उसमें हारे हुए देशों और जगहों के बारे में कुछ भी नहीं होता है। जैसे तुम्हारी यह सामाजिक विज्ञान की किताब। मास्टर उसके पन्ने फरफराता और बहुत धीरे से फुसफुसाते हुए कहता, तिब्बत एक हारा हुआ देश है और इसलिए इस किताब में वह नहीं है। तुम पाठ्यक्रम में हारे हुए देशों का नाम नहीं ढ़़ूँढ़़ सकते। क्योंकि वे वहाँ हैं ही नहीं। चूँकि किताबों का लेखक एक विजेता है इसलिए उसने हारे हुए देश या परास्त हो चुकी जगहों के बारे में उसमें नहीं लिखा है। ऐसी जगहें वहाँ हो ही नहीं सकतीं। पाठ्यक्रम ही क्या दुनिया कि किसी भी किताब में हारे हुए देशों का नाम नहीं मिल सकता। तुम्हें किसी भी किताब में हारे हुए देशों के गीत और कहानियाँ नहीं मिलेंगी। किसी भी किताब में हारे हुए देश के लोगों के बारे में कुछ भी नहीं लिखा होता है। किसी भी किताब में नहीं मिलेगा कि हारे हुए देश के लोग कौन हैं, वे कहां रहते हैं, क्या पहरते हैं, कैसे रहते हैं... कहीं कुछ भी नहीं मिल सकता है। तुम पूरा बाजार छान मारो, चाहे अंबिकापुर चले जाओ, चाहे उससे भी आगे रायपुर या दिल्ली, या उससे भी आगे, तुम्हें एक किताब नहीं मिलेगी जिसमें लिखा हो कि एक देश है, जिसका नाम तिब्बत है। तुम बड़ी से बड़ी लाइब्रेरी में एक भी किताब नहीं ढ़़ूँढ़़ सकते जिसमें लिखा हो कि तिब्बत एक देश है और दूसरे देशों की ही तरह उसकी अपनी राजधानी है, अपनी मुद्रा है। तुम एक किताब नहीं ला सकते जिसमें लिखा हो कि भारत की सबसे लंबी सीमा रेखा जिस देश से मिलती है, उसका नाम तिब्बत है। हारने का मतलब सिर्फ हारना नहीं होता है, इसका मतलब है स्मृति में से मिटा दिया जाना... हार मतलब वह चीज जो कभी दर्ज नहीं की जा सकती है, जैसे तिब्बत कभी किताबों में दर्ज नहीं किया जा सकता है। जिन जगहों का नाम किताबों में नहीं हो सकता है, उन्हीं जगहों को हम साधारण भाषा में हारी हुई जगहें कहते हैं। इसी तरह हारे हुए लोग वे लोग होते हैं, जो अब तक किताबों में नहीं आ पाये। किताबें विजेताओं के गलत बखानों से भरी पड़ी हैं। उनमें सच नहीं है। उनमें विजेताओं की वीरता के अतिश्योक्तिपूर्ण गीत हैं। उनके किस्से झूठ हैं। हाँ किताबों की बातें सरासर झूठ हैं...।

मास्टर कहीं और देख रहा होता और हम मास्टर को। फिर मास्टर कहते कहते एकदम से रुक जाता और हमारी तरफ मुड़कर कहता, कि यह कितना भयंकर है, कि वह और सुलू ऐसे लगते हैं जैसे दो बिल्कुल अलग अलग प्रजाति के जानवर। ... पर यह गलत है, कि तिब्बत का नाम किताबों से भी हटा दिया जाय। लाखों लोग, विशाल जमीन पर किताबों में एक शब्द नहीं। ठीक है, तिब्बत ग्लोब में नहीं है। मास्टर कहता कि, एटलस में भी नहीं है। नहीं है, दुनिया जहान के नक्शों में। नहीं है देश-दुनिया में। चर्चा में भी नहीं है। रोज के रेडियो में भी नहीं है। मास्टर कहता कि वह रोज सुबह पेपर में तिब्बत को ढ़़ूँढ़़ता है, पर वह कभी उसे मिला नहीं। कि तिब्बत पर कहीं कोई फिल्म नहीं दीखी। संयुक्त राष्ट्र संघ की सूची में भी नहीं है तिब्बत। नहीं है, ओलंपिक के झण्डाबरदार खिलाड़ियों की परेड में। नहीं है, डाक टिकटों में। कि तिब्बत की कोई मुद्रा नहीं, नहीं उसका कोई झण्डा। कहीं नहीं, किसी देश में नहीं तिब्बत का कोई राजदूत, कोई एम्बेसेडर। संसार में कहीं नहीं तिब्बत का कोई दफ्तर...। वह उन्नीस सौ अस्सी था और मास्टर बड़े एकांतिक चेहरे के साथ कहता था, कि तिब्बत पर कहीं कोई कविता नहीं। कहते हैं, कविता विजेता की होती है। कि कविता चीन की होती है। कि जो चीन की नहीं वह कविता नहीं। मास्टर कहता कि कभी सुना नहीं तिब्बत का कोई गीत। नहीं पता चलती है, उसकी कोई कहानी। पर यह गलत है, कि उसका नाम किताबों से भी हटा दिया जाय। यह बिल्कुल गलत है, कि यह पढ़़ाया जाय कि तिब्बत नाम का कोई देश नहीं। यह गलत है, कि सामाजिक विज्ञान की किताब में तिब्बत को लिखना गलत माना जाय। '

मास्टर ने हम सबको कहा, कि हम सब अपनी - अपनी सामाजिक विज्ञान की किताबों में तिब्बत का नाम लिख लें। मास्टर ने हमें डराते हुए, सख्ती से कहा और कक्षा सात की सामाजिक अध्ययन की किताब में एशिया के देशों और उनकी राजधानी की लिस्ट में सबसे नीचे हम सब बच्चों ने अपनी आड़ी-टेढ़़ी हैंडरायटिंग में पेन और पेंसिलों से लिख लिया - देश का नाम - तिब्बत, राजधानी-ल्हासा। मास्टर ने कक्षा सात की सामाजिक विज्ञान की कुल जमा दस किताबों को बार-बार चैक किया। हर किताब में लिखा था, देश - तिब्बत, राजधानी - ल्हासा।

उस जंगली आदिवासी क्षेत्र में बसे उस अनजाने गाँव के उस तुच्छ से मिडिल स्कूल में ये दो शब्द बड़े धैर्य से और मास्टर के डर से लिखे गये थे। देश - तिब्बत, राजधानी - ल्हासा संसार की एकमात्र किताब में मास्टर के डर से लिखे दो शब्द थे, जिन्हें मास्टर बार- बार घूरता जैसे कोई माँ अपने नवजात को घूरती है। मास्टर ने बताया था कि, सातवीं कक्षा की ये दस किताबें दुनिया की एकमात्र किताबें हैं, जिनमें तिब्बत का नाम हो पाया है। वे एकमात्र किताबें हैं, जिनमें लिखा है - देश - तिब्बत, राजधानी - ल्हासा। दुनिया में ऐसी कोई और किताब नहीं है, जिसमें ये दो शब्द लिखे हों। तिब्बत ही क्या वे तो एकमात्र ऐसी किताबें हैं, जिनमें किसी हारे हुए देश का नाम हो पाया है।

वह दिन था, कि फिर हमने कभी सुलू को चीनी कहकर नहीं चिढ़़ाया।

बचपन में तिब्बत एक बात थी, एक पाठ था, जो हमने कई बार सुना, एक सा बार-बार सुना पाठ, गहन सन्नाटे में, मास्टर को ताकते, एक दूसरे का चेहरा घूरते और उन शब्दों को तौलते जो अक्सर समझ नहीं आये। तिब्बत एक अनुमान था, अँधेरे में उँगलियों की टटोल था तिब्बत, मास्टर की उन बातों का जो कहीं खो जाती थीं, अचानक छूटकर खत्म हो जाती थीं। उन दिनों तिब्बत एक अनिवार्यता थी, मास्टर को सुनने की अनिवार्यता,जो मास्टर के डर से उस गाँव की कक्षा सात में फैल जाती थी। इस तरह तिब्बत कुछ और था और मास्टर के लाख बताने के बाद भी वह हम बच्चों के लिए एक देश नहीं हो पाया था। हम मान नहीं पाये थे कि तिब्बत एक देश है। वह तो हमारे बचपन में किताब में लिखे दो शब्द थे। तिब्बत मतलब मास्टर के डर से सामाजिक विज्ञान की किताब में लिखे दो शब्द। तिब्बत मतलब, देश-तिब्बत, राजधानी - ल्हासा

मास्टर एक दिन सुलू को हमारी कक्षा में लाया था। उसने उसे हमारी समाजिक विज्ञान की किताब में लिखे ये दो शब्द उसे दिखाये थे। उसने बताया कि हम सबने अपनी अपनी किताबों में यह लिखा है। देश - तिब्बत, राजधानी- ल्हासा। सुलू ने इन दोनों शब्दों को छूकर देखा था। सुलू ने बहुत देर तक अपनी उँगलियाँ देश- तिब्बत, राजधानी - ल्हासा पर टिकाये रखे थीं। फिर वह कक्षा के खाली ब्लैकबोर्ड को देखने लगा था। मास्टर ने उसके कंधे पर हाथ रख दिया था। सुलू की आँखों में पानी की एक बूँद उभर आई थी। मास्टर ने उसे अपनी बाहों में भर लिया था। हम सब कुछ देर तक उन दोनों को देखते रहे थे। मुझे सुलू को सुबकता देख कुछ अजीब सा लगा था। बाद में मैं देर तक अपनी किताब में देश- तिब्बत, राजधानी - ल्हासा को देखता रहा था। मैंने उसे उसी तरह छुआ भी जैसे सुलू ने छुआ था, पता नहीं मुझे क्या हुआ, मैंने अपने दोस्तों को चिल्लाकर कहा-

' हाँ हम सुलू को कभी चीनी कहकर नहीं चिढ़़ायेंगे। कभी नहीं।'

उस दिन मास्टर हमें सुलू की वजह से ही मैनपाट आउटिंग के लिए ले गया था, पर उसे एक और विशेष काम से वहाँ जाना था। बस हमें इतना ही पता था, कि उसे सुलू से कुछ बात करनी थी। और उस बात को करने के लिए वह सबसे पूछ रहा था कि वह, कब और कैसे उससे वह बात करे ? मास्टर की सुलू से दोस्ती बड़ी पुरानी थी, लगभग पंद्रह साल पुरानी और करीब दो दिन पहले से एक दूसरा तिब्बती मास्टर से कहता फिर रहा था कि, वह सुलू से वही बात करे। कि बस वही वह बात कर सकता है। कि उसकी बात का असर होगा। बस वही बात मास्टर को करनी थी।

उस रात जब उस बेस्वाद मक्खन की चाय और बिस्कुट खाने के बाद हम सब सोने की तैयारी कर रहे थे, तब वह दूसरा तिब्बती आया था। फिर मास्टर, गाइड वाली मास्टरनी और वह तिब्बती काफी देर तक बात करते रहे। कमरे में पुआल बिछी थी और पुआल पर दरी पड़ी थी, हम सब दरी में अपने-अपने कंबलो में घुसे थे और वे तीनों लालटेन के किनारे बैठे बात कर रहे थे। उन दिनों मैनपाट में लाइट नहीं थी।

' तुम्हें कब से पता है ?'

मास्टरनी बहुत उत्सुक थी, उसकी आँखें फैली थीं और माथे पर एक गहरी सीधी लकीर उभर आई थी।

तीन दिन पहले मुझे यह पत्र मिला था। तिब्बतियन में लिखा है। मैं हमेशा की तरह सुलू को इसे पढ़़कर सुनाना चाहता था।'

मास्टर ने कहा। मास्टर को तिब्बतियन आती थी और हमने कई बार उसे सुलू के सामने बैठे तिब्बतियन में लिखी किताब या पत्र पढ़़ते देखा था। सुलू अपढ़़ था और उसके पत्रों का मतलब उसे समझाना मास्टर का एक महत्वपूर्ण काम था।

'पा΅च साल बीत गये। हे भगवान। पांच साल और किसी ने उसे अब तक कुछ नहीं बताया।'

मास्टरनी ने अचरज से मास्टर को देखा और मास्टर ने हाँ में गर्दन हिलाई। मतलब पता है। पर क्या पता है? मैं कंबल में पड़़े-पड़े उस बात को, उस फुसफुसाहट में जानने की कोशिश करता रहा। वह बात जिसका ओर - छोर समझ नहीं आ रहा था। वे तीनों हम सबके सोने के बाद भी फुसफुसा रहे थे, मानो हम उनकी बात जान जायें तो अनर्थ ही हो जाये।

.....फुसफुसाहट से एक बात समझ आ गई थी, कि मैनपाट के कुछ लोग तिब्बत जा रहे थे। कि कोई बहुत बड़ा आदमी है, जिसका नाम है दलाई लामा। और उसी ने यह व्यवस्था कराई है, कि गाँव के दस लोग एक बार तिब्बत हो आयें। वह दूसरा तिब्बती उन दस लोगों की लिस्ट बना रहा है। वह, वह लिस्ट बार-बार मास्टर को दिखाता है। मास्टरनी भी उस लिस्ट को उलट-पलटकर देखती है। ...फिर तीनों फुसफुसाने लगते हैं। उस दूसरे तिब्बती की बात से यह भी लगा कि, वह नहीं चाहता है कि सुलू भी तिब्बत जाये। उसने सुलू को समझाया है, कि वह ना जाये। पर सुलू जिद पर अड़ा है। कहता है, वह जायेगा। हाँ, वह जरूर जायेगा। वह तिब्बती कहता है, कि लिस्ट में गाँव के सबसे बुजुर्ग ऐसे दस लोगों का नाम भेजना है, जो तिब्बत जाना चाहते हों। सुलू अगर जिद पर अड़ा रहता है, तो उसे ले जाना पड़ेगा और अगर वह नहीं जाता है, तो यह मौका किसी दूसरे तिब्बती को मिल जायेगा। दूसरे को मौका तभी मिलेगा जब सुलू जाने से इंकार कर दे। क्योंकि वह सबसे बुजुर्ग है और उसका हक बनता है। सो वह चाहता है कि मास्टर उसे समझाये। मास्टर समझायेगा तो वह मान जायेगा। मास्टरनी कहती है, क्या अंतर पड़ता है, सुलू को ले जाने में... ले जाओ। खामखां जिद करते हो...। फिर तीनों खुसुर-पुसुर करने लगते हैं। तीनों की बात सुनते-सुनते मुझे नींद आ गई।

सो अगले दिन सुबह, मैं और मास्टर पानी लेने के लिए निकले थे। हैण्डपंप थोड़ा दूर था। आगे-आगे धोती-कुरता पहरे, सर पर अंगोछा लपेटे मास्टरजी और पीछे-पीछे बाल्टी लोटा लिये, दूसरे हाथ में छाता पकड़े मैं। हैण्डपंप के पास वह तिब्बती फिर मिल गया। मास्टर ने उससे कहा - चलो अच्छा आज बात कर ही लेते हैं। वह तिब्बती हमें गाँव की ओर ले गया। आगे-आगे वह तिब्बती उसके पीछे मास्टर और मास्टर के पीछे मैं।

वह तिब्बती हमें गाँव की आखरी सीमा पर ले गया। वहाँ दूर-दूर तक घास का मैदान था। तीन-चार पत्थर खपरैल के घर थे, जिसके सामने रंग बिरंगे स्कर्ट ब्लाउज और गाउन पहरी तिब्बती औरतें, बेचने के लिए तैय्यार किये तरह - तरह के स्वेटर सुखा रही थीं और मैदान में दूर-दूर तक कुछ बच्चे, चीखते चिल्लाते पतंग उड़ा रहे थे। दूर एक गोम्पा था, जिससे एक लंबी भोंपूनुमा आवाज आई थी। उसके चारों ओर रंगीन कपड़ों के हजारों तिकोने टुकड़े, हजारों रंग नीले आकाश पर लहरा रहे थे। चीखते चिल्लाते बच्चों के बीच, उनकी हरकतों पर ताली बजाता एक बूढ़़ा इधर उधर डोल रहा था। वह सुलू था।

सुलू ने मास्टर से हाथ मिलाया, उस दूसरे तिब्बती को देखा और यूँ प्रदर्शित करने लगा मानो जानता हो, कि मास्टर उससे क्या बात करने आया है।

'यह सही कहता है।'

'तो तुम भी मानते हो मास्टर। बताओ मैं क्यों ना जाऊँ। मैं सबसे बूढ़़ा हूँ और मैंने तिब्बत जाने के लिए इंतजार किया है। पिछले पच्चीस सालों का इंतजार। मैंने पच्चीस सालों से अपना घर, अपना परिवार नहीं देखा...।'

मास्टर कुछ कहते कहते रुक गया। सुलू कहता रहा।

' पच्चीस साल। क्या तुम गिन सकते हो ? पच्चीस सालों को कोई नहीं गिन सकता। कोई अपने घर के लिए, अपने परिवार के लिए पच्चीस साल नहीं गिन सकता। पर मैंने गिना और फिर भी तुम कहते हो कि वहाँ जाना बेमतलब है। अंततः बेमतलब।'

स्ुालू मास्टर को घूरने लगा। मास्टर ने मुँह बिचकाया और वह पत्र मुट्ठी में भींच लिया।

' यह तुम्हारे लिए था। मैंने ही मास्टर को कहा था, कि वह तुम्हें सबकुछ सच-सच बता दे।'

उस तिब्बतियन ने मास्टर के हाथ में भिंचे उस पत्र की ओर इशारा करते हुए कहा। सुलू ने मास्टर के हाथ से वह पत्र छीन लिया और उसे उलट पलटकर देखने लगा।

' मुझे यह तीन दिन पहले मिला था। मैं कुछ डर गया था और सोच रहा था कि जल्द ही यह पत्र तुम्हें पढ़़ कर सुना दूँगा।'

मास्टर अटकते हुए बोल रहा था। वह दूर दिखते गोंपा पर नजर गड़ाये था और लगातार बोल रहा था।

' वहाँ अब कोई नहीं है। मेरा मतलब तिब्बत में, तुम्हारे गाँव में अब उनमें से कोई नहीं है। अर्सा बीता जब चीनी सेना ने वह गाँव खाली कराया था। कहते हैं, कि बहुत से लोग मारे गये थे। उनके पास खाने को नहीं था, रहने को नहीं था... उनके कपड़े, अनाज सब जला दिये गये थे। उन्हें कहा गया था, कि वे दुबारा वहाँ नहीं आयें... आयेंगे तो सेना उन्हें मार डालेगी। उन लोगों का कुछ पता नहीं चला। ...बाद में कुछ लोगों ने पता भी करना चाहा था, कि वे सब कहाँ हैं, खासकर तुम्हारा बेटा और उसका परिवार... लेकिन फिर उनमें से कोई नहीं मिला और एक दिन... उनको तुम्हारा पता चला और फिर यह पत्र आया दलाई लामा के मार्फत...। वे सब मारे गये। तुम्हार बेटा, बहू और दो बच्चे... वे गुमे नहीं थे, जैसा कि लोग समझते रहे... वे सब मारे गये। कुछ लोग कहते हैं, कि वे सब काफी दिनों तक बियावान बर्फ के रेगिस्तान में भटकते रहे थे..। शायद वे बर्फ के तूफान में मर गये। यह सब पाँच साल पहले हुआ था। अब तुम्हारा वहाँ जाना बेमानी है। यह ठीक कहता है सुलू तुम नहीं जाओगे तो यह चांस किसी और को मिल जायेगा।'

उस पत्र में कुछ और भी था जो मास्टर ने सुलू को नहीं बताया। मास्टर अचानक चुप हो गया था। वह अब भी लगातार गोंपा को देखे जा रहा था। उस तरफ देखने को कुछ भी नहीं था।

सुलू खड़ा रहा। उस पत्र को बहुत गहरे देखते, उन शब्दों को जो उसके लिए हमेशा से अर्थहीन रह आये थे। वह मुड़ा। मैंने उसे दूर जाते देखा। मैंने उसे उकड़ूँ बैठते और अपना सिर घुटने के बीच अपनी हथेलियों से दबाते हुए देखा। थोड़ी देर बाद हम सबको उसकी चीख-चीखकर रोने की आवाज सुनाई देती रही। गाँव के कुछ बुजुर्ग उसकी तरफ दौड़़े। औरतें और बच्चे बातें और हल्ला गुल्ला छोडकर उसको एकटक देख रहे थे। सब कुछ शांत था, बस सुलू चीख चीख कर रो रहा था। उसका रोना मैनपाट की पहाड़ियों पर से गूँजकर वापस आ रहा था। सुलू और मैनपाट की पहाड़ियों के अलावा वहाँ और कोई शोर नहीं था। गोंपा के रंग बिरंगे तिकोने आकाश पर फरफरा रहे थे। लोग बुत बने खड़़े थे।

उस दूसरे तिब्बती ने तिब्बत जाने वाले लोगों की लिस्ट में से सुलू का नाम काटकर किसी और का नाम लिख दिया था। लिखते समय उसकी उँगली काँप रही थी।

मैनपाट में वह हमारा आखरी दिन था। मास्टर का काम हो गया था और उसके कहे अनुसार काम खत्म होते ही हमें एक पल भी वहाँ नहीं रुकना था। हम उसी रात लौट आये।

घर लौटकर मैंने माँ को बताया था, कि मैनपाट में बिल्कुल अलग तरह के लोग रहते हैं। बिल्कुल अलग किस्म के लोग। एकदम अलग। और तो और वहाँ के बूढ़़़े बिल्कुल बच्चों की तरह रोते हैं। सुलू तो ऐसे रो रहा था जैसे बच्चे रोते हैं, चिल्ला-चिल्ला कर...। चीख चीख कर। सच माँ वो बिल्कुल अलग तरह के लोग हैं। बिल्कुल अलग। ना कभी सुने। ना कभी जाने। उनको देखकर भी अजीब लगता है, कि वे हैं। कि ये वही हैं। यकीन ही नहीं होता। सुलू फिर बहुत दिनों तक नहीं दिखा।

कुछ दिनों बाद छत्तीसगढ़़ के उस जंगली, आदिवासी और सुदूर के उस अनजान से गाँव में, एक तुच्छ सी घटना हुई। उस साल मिडिल स्कूल की वार्षिक परीक्षा में सातवीं कक्षा के सामाजिक अघ्ययन के पेपर में एक प्रश्न आया। प्रश्न था, भारत के सीमावर्ती देशों का नाम लिखो ? हम सबने किताबों, गाइडों, कुंजियों, नोटबुकों... से इस प्रश्न का जो जवाब रटा था, उसमें तिब्बत का नाम नहीं था। हमने वैसा ही लिखा। हमने भारत के पड़ोसी देशों में तिब्बत का नाम नहीं लिखा। रटे हुए उत्तरों में तिब्बत कहीं नहीं था। किताबों से पढ़़े जवाबों में वह हो भी नहीं सकता था। मास्टर ने हमारी इस गलती पर हम सबके एक-एक नंबर काट दिये।

बरसों बीते। 26 साल से भी ज्यादा। तिब्बत कहीं नहीं दीखा। बहुत तलाशता हूँ, पर जैसे वह कहीं नहीं है। ना एटलस में। ना ग्लोब में। ना किताबों में। ना खबरों में। ना बातचीत में। ना कविताओं में। ना कहानियों में।...

तिब्बत आज भी वैसा ही है, जैसा बचपन में था। तिब्बत का मतलब आज भी एक सुदूर जंगली गाँव में बड़े अपनेपन से सुनी गई एक कहानी है। एक बेहद अपरिचित, अनजान किस्सा है तिब्बत, जो कभी भी विश्व के नक्शे पर नहीं आ पाया।

तिब्बत मतलब एक गप्प, मास्टर की आग्रहभरी पुकार वाली गप्प, जो अबतक कोई खबर नहीं हो पाई। तिब्बत एक गप्प, जो शायद किसी मीडिया के कमरे में पड़ा हो कागजों में लिपटा, जिसे कभी शायद खोला जाय। तिब्बत मतलब मास्टर का पढ़़ाया एक गलत पाठ। एक पाठ जो हमेशा गलत रह आया। एक पाठ जिसे पढ़़ाया जाय तो लोग मजाक करें, हँस पड़़ें। एक गलत पाठ जिस पर परीक्षा में शून्य अंक मिलें। तिब्बत एक पाठ, जो लगता है, शायद कभी किसी किताब में आ जाये और परीक्षा में बटोर ले जाये अपने हिस्से के अंक।

बचपन में मैंने तिब्बत को कई बार मैनपाट की पहाड़ियों और सातवीं कक्षा के सामाजिक विज्ञान के बीच चहलकदमी करते देखा था। तब मुझे पता नहीं था, कि यह तिब्बत है और यह सामाजिक विज्ञान। तिब्बत याने एक घटना, जो अक्सर किसी जंगली सुदूरवर्ती गांव के अनजाने से मिडिल स्कूल में घटित होती है। तिब्बत याने कुछ बच्चों के बचपन की पहली कहानी, जिसके एक सिरे को वे बड़े होकर दुनिया के नक्शे में, भूगोल में टटोलते रहे थे। तिब्बत बचपन की पहली कहानी, जिसका दूसरा सिरा कहीं गुम हो चुका है। एक अधूरी कहानी जो भूगोल के दरवाजे पर बरसों से पड़ी है। तिब्बत याने एक खालीपन, एक बेचारगी... जो लगता है, कहीं खत्म ही ना हो। तिब्बत याने एक रिक्तता, एक खाली जगह जहाँ बड़ी मासूमियत से लिखा जा सके, देश- तिब्बत, राजधानी- ल्हासा। तिब्बत याने बरसों से खाली रहा एक पोस्टर, एक बिना शब्दों वाला बैनर... तिब्बत याने बरसों से किसी भीड़़-भाड़ वाले चौराहे पर अपना सफेद पेण्ट सुखाता एक ब्लैंक साइनबोर्ड।

अक्सर जब मैं कोई किताब पढ़़ रहा होता हूँ, तो लगता है जैसे मास्टर अचानक आ गया है। उसने मेरे हाथ से किताब छीन ली है और किताब को फरफराते उलटते - पलटते, बहुत आहिस्ते से सँभलकर कह रहा है- मत पढ़़ो यह किताब। विश्वास करो, जो विजेता है, जो जीत चुका है, उसी ने यह किताब लिखी है। वही तो किताबें लिखता है। हर किताब किसी ना किसी विजेता ने ही तो लिखी है 

COMMENTS

BLOGGER
नाम

 आलेख ,1, कविता ,1, कहानी ,1, व्यंग्य ,1,14 सितम्बर,7,14 september,6,15 अगस्त,4,2 अक्टूबर अक्तूबर,1,अंजनी श्रीवास्तव,1,अंजली काजल,1,अंजली देशपांडे,1,अंबिकादत्त व्यास,1,अखिलेश कुमार भारती,1,अखिलेश सोनी,1,अग्रसेन,1,अजय अरूण,1,अजय वर्मा,1,अजित वडनेरकर,1,अजीत प्रियदर्शी,1,अजीत भारती,1,अनंत वडघणे,1,अनन्त आलोक,1,अनमोल विचार,1,अनामिका,3,अनामी शरण बबल,1,अनिमेष कुमार गुप्ता,1,अनिल कुमार पारा,1,अनिल जनविजय,1,अनुज कुमार आचार्य,5,अनुज कुमार आचार्य बैजनाथ,1,अनुज खरे,1,अनुपम मिश्र,1,अनूप शुक्ल,14,अपर्णा शर्मा,6,अभिमन्यु,1,अभिषेक ओझा,1,अभिषेक कुमार अम्बर,1,अभिषेक मिश्र,1,अमरपाल सिंह आयुष्कर,2,अमरलाल हिंगोराणी,1,अमित शर्मा,3,अमित शुक्ल,1,अमिय बिन्दु,1,अमृता प्रीतम,1,अरविन्द कुमार खेड़े,5,अरूण देव,1,अरूण माहेश्वरी,1,अर्चना चतुर्वेदी,1,अर्चना वर्मा,2,अर्जुन सिंह नेगी,1,अविनाश त्रिपाठी,1,अशोक गौतम,3,अशोक जैन पोरवाल,14,अशोक शुक्ल,1,अश्विनी कुमार आलोक,1,आई बी अरोड़ा,1,आकांक्षा यादव,1,आचार्य बलवन्त,1,आचार्य शिवपूजन सहाय,1,आजादी,3,आत्मकथा,1,आदित्य प्रचंडिया,1,आनंद टहलरामाणी,1,आनन्द किरण,3,आर. के. नारायण,1,आरकॉम,1,आरती,1,आरिफा एविस,5,आलेख,4288,आलोक कुमार,3,आलोक कुमार सातपुते,1,आवश्यक सूचना!,1,आशीष कुमार त्रिवेदी,5,आशीष श्रीवास्तव,1,आशुतोष,1,आशुतोष शुक्ल,1,इंदु संचेतना,1,इन्दिरा वासवाणी,1,इन्द्रमणि उपाध्याय,1,इन्द्रेश कुमार,1,इलाहाबाद,2,ई-बुक,374,ईबुक,231,ईश्वरचन्द्र,1,उपन्यास,269,उपासना,1,उपासना बेहार,5,उमाशंकर सिंह परमार,1,उमेश चन्द्र सिरसवारी,2,उमेशचन्द्र सिरसवारी,1,उषा छाबड़ा,1,उषा रानी,1,ऋतुराज सिंह कौल,1,ऋषभचरण जैन,1,एम. एम. चन्द्रा,17,एस. एम. चन्द्रा,2,कथासरित्सागर,1,कर्ण,1,कला जगत,113,कलावंती सिंह,1,कल्पना कुलश्रेष्ठ,11,कवि,2,कविता,3239,कहानी,2360,कहानी संग्रह,247,काजल कुमार,7,कान्हा,1,कामिनी कामायनी,5,कार्टून,7,काशीनाथ सिंह,2,किताबी कोना,7,किरन सिंह,1,किशोरी लाल गोस्वामी,1,कुंवर प्रेमिल,1,कुबेर,7,कुमार करन मस्ताना,1,कुसुमलता सिंह,1,कृश्न चन्दर,6,कृष्ण,3,कृष्ण कुमार यादव,1,कृष्ण खटवाणी,1,कृष्ण जन्माष्टमी,5,के. पी. सक्सेना,1,केदारनाथ सिंह,1,कैलाश मंडलोई,3,कैलाश वानखेड़े,1,कैशलेस,1,कैस जौनपुरी,3,क़ैस जौनपुरी,1,कौशल किशोर श्रीवास्तव,1,खिमन मूलाणी,1,गंगा प्रसाद श्रीवास्तव,1,गंगाप्रसाद शर्मा गुणशेखर,1,ग़ज़लें,550,गजानंद प्रसाद देवांगन,2,गजेन्द्र नामदेव,1,गणि राजेन्द्र विजय,1,गणेश चतुर्थी,1,गणेश सिंह,4,गांधी जयंती,1,गिरधारी राम,4,गीत,3,गीता दुबे,1,गीता सिंह,1,गुंजन शर्मा,1,गुडविन मसीह,2,गुनो सामताणी,1,गुरदयाल सिंह,1,गोरख प्रभाकर काकडे,1,गोवर्धन यादव,1,गोविन्द वल्लभ पंत,1,गोविन्द सेन,5,चंद्रकला त्रिपाठी,1,चंद्रलेखा,1,चतुष्पदी,1,चन्द्रकिशोर जायसवाल,1,चन्द्रकुमार जैन,6,चाँद पत्रिका,1,चिकित्सा शिविर,1,चुटकुला,71,ज़कीया ज़ुबैरी,1,जगदीप सिंह दाँगी,1,जयचन्द प्रजापति कक्कूजी,2,जयश्री जाजू,4,जयश्री राय,1,जया जादवानी,1,जवाहरलाल कौल,1,जसबीर चावला,1,जावेद अनीस,8,जीवंत प्रसारण,141,जीवनी,1,जीशान हैदर जैदी,1,जुगलबंदी,5,जुनैद अंसारी,1,जैक लंडन,1,ज्ञान चतुर्वेदी,2,ज्योति अग्रवाल,1,टेकचंद,1,ठाकुर प्रसाद सिंह,1,तकनीक,32,तक्षक,1,तनूजा चौधरी,1,तरुण भटनागर,1,तरूण कु सोनी तन्वीर,1,ताराशंकर बंद्योपाध्याय,1,तीर्थ चांदवाणी,1,तुलसीराम,1,तेजेन्द्र शर्मा,2,तेवर,1,तेवरी,8,त्रिलोचन,8,दामोदर दत्त दीक्षित,1,दिनेश बैस,6,दिलबाग सिंह विर्क,1,दिलीप भाटिया,1,दिविक रमेश,1,दीपक आचार्य,48,दुर्गाष्टमी,1,देवी नागरानी,20,देवेन्द्र कुमार मिश्रा,2,देवेन्द्र पाठक महरूम,1,दोहे,1,धर्मेन्द्र निर्मल,2,धर्मेन्द्र राजमंगल,1,नइमत गुलची,1,नजीर नज़ीर अकबराबादी,1,नन्दलाल भारती,2,नरेंद्र शुक्ल,2,नरेन्द्र कुमार आर्य,1,नरेन्द्र कोहली,2,नरेन्‍द्रकुमार मेहता,9,नलिनी मिश्र,1,नवदुर्गा,1,नवरात्रि,1,नागार्जुन,1,नाटक,152,नामवर सिंह,1,निबंध,3,नियम,1,निर्मल गुप्ता,2,नीतू सुदीप्ति ‘नित्या’,1,नीरज खरे,1,नीलम महेंद्र,1,नीला प्रसाद,1,पंकज प्रखर,4,पंकज मित्र,2,पंकज शुक्ला,1,पंकज सुबीर,3,परसाई,1,परसाईं,1,परिहास,4,पल्लव,1,पल्लवी त्रिवेदी,2,पवन तिवारी,2,पाक कला,23,पाठकीय,62,पालगुम्मि पद्मराजू,1,पुनर्वसु जोशी,9,पूजा उपाध्याय,2,पोपटी हीरानंदाणी,1,पौराणिक,1,प्रज्ञा,1,प्रताप सहगल,1,प्रतिभा,1,प्रतिभा सक्सेना,1,प्रदीप कुमार,1,प्रदीप कुमार दाश दीपक,1,प्रदीप कुमार साह,11,प्रदोष मिश्र,1,प्रभात दुबे,1,प्रभु चौधरी,2,प्रमिला भारती,1,प्रमोद कुमार तिवारी,1,प्रमोद भार्गव,2,प्रमोद यादव,14,प्रवीण कुमार झा,1,प्रांजल धर,1,प्राची,367,प्रियंवद,2,प्रियदर्शन,1,प्रेम कहानी,1,प्रेम दिवस,2,प्रेम मंगल,1,फिक्र तौंसवी,1,फ्लेनरी ऑक्नर,1,बंग महिला,1,बंसी खूबचंदाणी,1,बकर पुराण,1,बजरंग बिहारी तिवारी,1,बरसाने लाल चतुर्वेदी,1,बलबीर दत्त,1,बलराज सिंह सिद्धू,1,बलूची,1,बसंत त्रिपाठी,2,बातचीत,2,बाल उपन्यास,6,बाल कथा,356,बाल कलम,26,बाल दिवस,4,बालकथा,80,बालकृष्ण भट्ट,1,बालगीत,20,बृज मोहन,2,बृजेन्द्र श्रीवास्तव उत्कर्ष,1,बेढब बनारसी,1,बैचलर्स किचन,1,बॉब डिलेन,1,भरत त्रिवेदी,1,भागवत रावत,1,भारत कालरा,1,भारत भूषण अग्रवाल,1,भारत यायावर,2,भावना राय,1,भावना शुक्ल,5,भीष्म साहनी,1,भूतनाथ,1,भूपेन्द्र कुमार दवे,1,मंजरी शुक्ला,2,मंजीत ठाकुर,1,मंजूर एहतेशाम,1,मंतव्य,1,मथुरा प्रसाद नवीन,1,मदन सोनी,1,मधु त्रिवेदी,2,मधु संधु,1,मधुर नज्मी,1,मधुरा प्रसाद नवीन,1,मधुरिमा प्रसाद,1,मधुरेश,1,मनीष कुमार सिंह,4,मनोज कुमार,6,मनोज कुमार झा,5,मनोज कुमार पांडेय,1,मनोज कुमार श्रीवास्तव,2,मनोज दास,1,ममता सिंह,2,मयंक चतुर्वेदी,1,महापर्व छठ,1,महाभारत,2,महावीर प्रसाद द्विवेदी,1,महाशिवरात्रि,1,महेंद्र भटनागर,3,महेन्द्र देवांगन माटी,1,महेश कटारे,1,महेश कुमार गोंड हीवेट,2,महेश सिंह,2,महेश हीवेट,1,मानसून,1,मार्कण्डेय,1,मिलन चौरसिया मिलन,1,मिलान कुन्देरा,1,मिशेल फूको,8,मिश्रीमल जैन तरंगित,1,मीनू पामर,2,मुकेश वर्मा,1,मुक्तिबोध,1,मुर्दहिया,1,मृदुला गर्ग,1,मेराज फैज़ाबादी,1,मैक्सिम गोर्की,1,मैथिली शरण गुप्त,1,मोतीलाल जोतवाणी,1,मोहन कल्पना,1,मोहन वर्मा,1,यशवंत कोठारी,8,यशोधरा विरोदय,2,यात्रा संस्मरण,31,योग,3,योग दिवस,3,योगासन,2,योगेन्द्र प्रताप मौर्य,1,योगेश अग्रवाल,2,रक्षा बंधन,1,रच,1,रचना समय,72,रजनीश कांत,2,रत्ना राय,1,रमेश उपाध्याय,1,रमेश राज,26,रमेशराज,8,रवि रतलामी,2,रवींद्र नाथ ठाकुर,1,रवीन्द्र अग्निहोत्री,4,रवीन्द्र नाथ त्यागी,1,रवीन्द्र संगीत,1,रवीन्द्र सहाय वर्मा,1,रसोई,1,रांगेय राघव,1,राकेश अचल,3,राकेश दुबे,1,राकेश बिहारी,1,राकेश भ्रमर,5,राकेश मिश्र,2,राजकुमार कुम्भज,1,राजन कुमार,2,राजशेखर चौबे,6,राजीव रंजन उपाध्याय,11,राजेन्द्र कुमार,1,राजेन्द्र विजय,1,राजेश कुमार,1,राजेश गोसाईं,2,राजेश जोशी,1,राधा कृष्ण,1,राधाकृष्ण,1,राधेश्याम द्विवेदी,5,राम कृष्ण खुराना,6,राम शिव मूर्ति यादव,1,रामचंद्र शुक्ल,1,रामचन्द्र शुक्ल,1,रामचरन गुप्त,5,रामवृक्ष सिंह,10,रावण,1,राहुल कुमार,1,राहुल सिंह,1,रिंकी मिश्रा,1,रिचर्ड फाइनमेन,1,रिलायंस इन्फोकाम,1,रीटा शहाणी,1,रेंसमवेयर,1,रेणु कुमारी,1,रेवती रमण शर्मा,1,रोहित रुसिया,1,लक्ष्मी यादव,6,लक्ष्मीकांत मुकुल,2,लक्ष्मीकांत वैष्णव,1,लखमी खिलाणी,1,लघु कथा,288,लघुकथा,1340,लघुकथा लेखन पुरस्कार आयोजन,241,लतीफ घोंघी,1,ललित ग,1,ललित गर्ग,13,ललित निबंध,20,ललित साहू जख्मी,1,ललिता भाटिया,2,लाल पुष्प,1,लावण्या दीपक शाह,1,लीलाधर मंडलोई,1,लू सुन,1,लूट,1,लोक,1,लोककथा,378,लोकतंत्र का दर्द,1,लोकमित्र,1,लोकेन्द्र सिंह,3,विकास कुमार,1,विजय केसरी,1,विजय शिंदे,1,विज्ञान कथा,79,विद्यानंद कुमार,1,विनय भारत,1,विनीत कुमार,2,विनीता शुक्ला,3,विनोद कुमार दवे,4,विनोद तिवारी,1,विनोद मल्ल,1,विभा खरे,1,विमल चन्द्राकर,1,विमल सिंह,1,विरल पटेल,1,विविध,1,विविधा,1,विवेक प्रियदर्शी,1,विवेक रंजन श्रीवास्तव,5,विवेक सक्सेना,1,विवेकानंद,1,विवेकानन्द,1,विश्वंभर नाथ शर्मा कौशिक,2,विश्वनाथ प्रसाद तिवारी,1,विष्णु नागर,1,विष्णु प्रभाकर,1,वीणा भाटिया,15,वीरेन्द्र सरल,10,वेणीशंकर पटेल ब्रज,1,वेलेंटाइन,3,वेलेंटाइन डे,2,वैभव सिंह,1,व्यंग्य,2075,व्यंग्य के बहाने,2,व्यंग्य जुगलबंदी,17,व्यथित हृदय,2,शंकर पाटील,1,शगुन अग्रवाल,1,शबनम शर्मा,7,शब्द संधान,17,शम्भूनाथ,1,शरद कोकास,2,शशांक मिश्र भारती,8,शशिकांत सिंह,12,शहीद भगतसिंह,1,शामिख़ फ़राज़,1,शारदा नरेन्द्र मेहता,1,शालिनी तिवारी,8,शालिनी मुखरैया,6,शिक्षक दिवस,6,शिवकुमार कश्यप,1,शिवप्रसाद कमल,1,शिवरात्रि,1,शिवेन्‍द्र प्रताप त्रिपाठी,1,शीला नरेन्द्र त्रिवेदी,1,शुभम श्री,1,शुभ्रता मिश्रा,1,शेखर मलिक,1,शेषनाथ प्रसाद,1,शैलेन्द्र सरस्वती,3,शैलेश त्रिपाठी,2,शौचालय,1,श्याम गुप्त,3,श्याम सखा श्याम,1,श्याम सुशील,2,श्रीनाथ सिंह,6,श्रीमती तारा सिंह,2,श्रीमद्भगवद्गीता,1,श्रृंगी,1,श्वेता अरोड़ा,1,संजय दुबे,4,संजय सक्सेना,1,संजीव,1,संजीव ठाकुर,2,संद मदर टेरेसा,1,संदीप तोमर,1,संपादकीय,3,संस्मरण,730,संस्मरण लेखन पुरस्कार 2018,128,सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन,1,सतीश कुमार त्रिपाठी,2,सपना महेश,1,सपना मांगलिक,1,समीक्षा,847,सरिता पन्थी,1,सविता मिश्रा,1,साइबर अपराध,1,साइबर क्राइम,1,साक्षात्कार,21,सागर यादव जख्मी,1,सार्थक देवांगन,2,सालिम मियाँ,1,साहित्य समाचार,98,साहित्यम्,6,साहित्यिक गतिविधियाँ,216,साहित्यिक बगिया,1,सिंहासन बत्तीसी,1,सिद्धार्थ जगन्नाथ जोशी,1,सी.बी.श्रीवास्तव विदग्ध,1,सीताराम गुप्ता,1,सीताराम साहू,1,सीमा असीम सक्सेना,1,सीमा शाहजी,1,सुगन आहूजा,1,सुचिंता कुमारी,1,सुधा गुप्ता अमृता,1,सुधा गोयल नवीन,1,सुधेंदु पटेल,1,सुनीता काम्बोज,1,सुनील जाधव,1,सुभाष चंदर,1,सुभाष चन्द्र कुशवाहा,1,सुभाष नीरव,1,सुभाष लखोटिया,1,सुमन,1,सुमन गौड़,1,सुरभि बेहेरा,1,सुरेन्द्र चौधरी,1,सुरेन्द्र वर्मा,62,सुरेश चन्द्र,1,सुरेश चन्द्र दास,1,सुविचार,1,सुशांत सुप्रिय,4,सुशील कुमार शर्मा,24,सुशील यादव,6,सुशील शर्मा,16,सुषमा गुप्ता,20,सुषमा श्रीवास्तव,2,सूरज प्रकाश,1,सूर्य बाला,1,सूर्यकांत मिश्रा,14,सूर्यकुमार पांडेय,2,सेल्फी,1,सौमित्र,1,सौरभ मालवीय,4,स्नेहमयी चौधरी,1,स्वच्छ भारत,1,स्वतंत्रता दिवस,3,स्वराज सेनानी,1,हबीब तनवीर,1,हरि भटनागर,6,हरि हिमथाणी,1,हरिकांत जेठवाणी,1,हरिवंश राय बच्चन,1,हरिशंकर गजानंद प्रसाद देवांगन,4,हरिशंकर परसाई,23,हरीश कुमार,1,हरीश गोयल,1,हरीश नवल,1,हरीश भादानी,1,हरीश सम्यक,2,हरे प्रकाश उपाध्याय,1,हाइकु,5,हाइगा,1,हास-परिहास,38,हास्य,59,हास्य-व्यंग्य,78,हिंदी दिवस विशेष,9,हुस्न तबस्सुम 'निहाँ',1,biography,1,dohe,3,hindi divas,6,hindi sahitya,1,indian art,1,kavita,3,review,1,satire,1,shatak,3,tevari,3,undefined,1,
ltr
item
रचनाकार: कहानी - भूगोल के दरवाज़े पर
कहानी - भूगोल के दरवाज़े पर
http://lh3.googleusercontent.com/-_-RD9fXRXcE/VZOfhChYchI/AAAAAAAAkbg/yD9W80Bjlls/image%25255B3%25255D.png?imgmax=800
http://lh3.googleusercontent.com/-_-RD9fXRXcE/VZOfhChYchI/AAAAAAAAkbg/yD9W80Bjlls/s72-c/image%25255B3%25255D.png?imgmax=800
रचनाकार
https://www.rachanakar.org/2015/07/blog-post.html
https://www.rachanakar.org/
https://www.rachanakar.org/
https://www.rachanakar.org/2015/07/blog-post.html
true
15182217
UTF-8
Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy Table of Content